Gaya Airport News:Tourist Season के बीच गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट बिना निदेशक, तीन महीने से फैसले अटके

 

Gaya News: बोधगया के सबसे व्यस्त पर्यटन सीजन के बीच गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट पिछले तीन महीनों से बिना नियमित निदेशक के चल रहा है। अक्टूबर 2025 के आखिरी सप्ताह में तत्कालीन निदेशक बांगजीत साहा का तबादला डिब्रूगढ़ हो गया था, लेकिन इसके बाद अब तक किसी नए निदेशक की स्थायी नियुक्ति नहीं हो सकी है। यह स्थिति ऐसे समय बनी हुई है, जब देश और विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक बोधगया पहुंच रहे हैं।

फिलहाल एयरपोर्ट की जिम्मेदारी कार्यकारी निदेशक अवधेश कुमार संभाल रहे हैं। आमतौर पर बोधगया का टूरिस्ट सीजन अक्टूबर से मार्च तक रहता है और मौजूदा सीजन के अब केवल दो महीने ही बचे हैं। इसके बावजूद एयरपोर्ट को पूर्णकालिक निदेशक न मिलना पर्यटन से जुड़े लोगों के लिए चिंता का कारण बन गया है।

नियमित निदेशक के अभाव में एयरपोर्ट से जुड़े कई अहम फैसले अटके हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, कोहरे के समय सुरक्षित उड़ान संचालन के लिए CAT अप्रोच लाइट सिस्टम लगाने की योजना काफी समय से लंबित है। दिसंबर और जनवरी में कोहरे के कारण कई उड़ानें प्रभावित हुईं, लेकिन इस सीजन में भी यह सुविधा शुरू नहीं हो सकी। इस परियोजना के लिए लगभग 18 एकड़ अतिरिक्त जमीन की जरूरत बताई जा रही है।

इसके अलावा गया एयरपोर्ट के रनवे को भी अपग्रेड करने की जरूरत है। अभी रनवे की लंबाई और चौड़ाई वाइड-बॉडी विमानों के लिए पर्याप्त नहीं मानी जा रही है। साथ ही खराब मौसम में उड़ानों को आसान बनाने के लिए इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) को आधुनिक बनाने की मांग भी लंबे समय से की जा रही है।

एयरपोर्ट पर टर्मिनल भवन के विस्तार, यात्रियों की सुविधाओं में सुधार, अतिरिक्त एयरोब्रिज और अंतरराष्ट्रीय आगमन-प्रस्थान लाउंज के विस्तार की जरूरत भी महसूस की जा रही है। विदेशी यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इमिग्रेशन, कस्टम्स और सुरक्षा व्यवस्था को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप करने की मांग उठ रही है।

हालांकि कार्यकारी निदेशक अवधेश कुमार का कहना है कि नियमित निदेशक न होने से एयरपोर्ट के कामकाज पर कोई खास असर नहीं पड़ रहा है। वहीं बोधगया होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष जय सिंह इसे एयरपोर्ट की उपेक्षा बता रहे हैं। मगध इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुप केडिया का मानना है कि गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट और बोधगया पर्यटन के समग्र विकास के लिए जल्द से जल्द नियमित निदेशक की नियुक्ति जरूरी है।