गया नगर निगम में नए नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने संभाला पदभार
Gaya: गया नगर निगम को सोमवार को नए नगर आयुक्त मिल गया। आईएएस अधिकारी डॉ. गगन कुमार ने नगर आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण करते ही साफ कर दिया कि अब शहर के विकास कार्यों में किसी तरह की ढिलाई नहीं चलेगी। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ प्रारंभिक समीक्षा की और अधूरे पड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त डॉ. गगन इससे पहले पटना में सहकारिता विभाग में पोस्टेड थे। नगर आयुक्त ने पदभार ग्रहण करने के बाद सबसे पहले शहर के विभिन्न इलाकों में नालों की सफाई के बाद निकाली गई गाद के उठाव को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालों से निकाली गई गाद को सड़क किनारे लंबे समय तक छोड़ना स्वीकार्य नहीं है। इससे आम लोगों को परेशानी होती है और स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित होती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल गाद हटाने और पूरे शहर में सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।
पितृ पक्ष मेल की तैयारी की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को चेताया
आगामी पितृपक्ष मेला को लेकर भी नए नगर आयुक्त ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मेला क्षेत्र की सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, कचरा प्रबंधन, ट्रैफिक और अन्य नागरिक सुविधाओं की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा होगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
नगर आयुक्त डॉ. गगन ने कहा कि इस बार पितृपक्ष मेले में साफ-सफाई की व्यवस्था को आधुनिक तकनीक के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। नगर निगम का प्रयास रहेगा कि मेला क्षेत्र के साथ-साथ पूरे शहर में स्वच्छता, कचरा निष्पादन और नागरिक सुविधाओं का स्तर बेहतर हो। उन्होंने कहा कि गया आने वाले तीर्थयात्रियों को बेहतर अनुभव देना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
पदभार ग्रहण करने के साथ ही नगर आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन का भी स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी प्रतिदिन समय पर कार्यालय और फील्ड में उपस्थित रहें। कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगे। नगर आयुक्त डॉ गगन ने यह भी कहा कि नगर निगम की कार्यशैली को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाया जाएगा। शहर में चल रही योजनाओं की लगातार समीक्षा होगी और जिन परियोजनाओं में अनावश्यक देरी हो रही है, उन्हें तय समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा।
नए नगर आयुक्त के पहले ही दिन के सख्त तेवर से यह साफ संकेत मिला है कि गया नगर निगम अब विकास कार्यों, स्वच्छता और पितृपक्ष मेले की तैयारियों को लेकर