गया नगर निगम का संवेदनशील कदम—अनुकंपा पर 9 आश्रितों को मिली स्थायी नौकरी, सभागार में सौंपे गए नियुक्ति पत्र

 
Bihar News: गया नगर निगम ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मृत कर्मियों के आश्रितों को बड़ी राहत दी है। गुरुवार को निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अनुकंपा के आधार पर एक युवती समेत 9 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

इस मौके पर मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओमकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने संयुक्त रूप से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

सफाई व्यवस्था में मिली नई जिम्मेदारी

सभी चयनित अभ्यर्थियों को सफाई जमादार पद पर स्थायी नियुक्ति दी गई है। इनमें संजय कुमार, कुमारी रेनु, शंकर कुमार, महेश्वर कुमार, विरेंद्र कुमार, विनोद राम, रुस्तम कुमार, दीपक कुमार और हर्ष राज शामिल हैं।

ईमानदारी से निभाएं जिम्मेदारी

मेयर गणेश पासवान ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

पारदर्शी प्रक्रिया से हुआ चयन

सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि स्टैंडिंग और बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से जल्द आवश्यक दस्तावेज जमा कर योगदान सुनिश्चित करने की अपील की। इस पहल से न केवल प्रभावित परिवारों को सहारा मिला है, बल्कि नगर निगम ने यह संदेश भी दिया है कि संकट की घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है।