‘गया बनेगा ग्लोबल पीस हब’: 11 से गांधी मैदान में तीन दिवसीय विश्व शांति सम्मेलन, धर्म–संस्कृति–खेल का संगम
पहले दिन ‘अंतरधार्मिक संवाद’
11 अप्रैल को विभिन्न धर्मों के प्रमुख धर्मगुरु एक मंच पर आकर शांति और भाईचारे का संदेश देंगे। इस दिन सनातन, इस्लाम, सिख और ईसाई धर्म के विद्वान एक साथ संवाद करेंगे। साथ ही मशहूर शिक्षक Khan Sir युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए विशेष संबोधन करेंगे।
दूसरा दिन ‘शहादत दिवस’ और सांस्कृतिक संगम
12 अप्रैल को कार्यक्रम का स्वरूप और भावनात्मक हो जाएगा। इस दिन मुशायरा और कवि सम्मेलन के जरिए शांति, प्रेम और इंसानियत का संदेश दिया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी इस दिन की खास पहचान होंगे।
तीसरे दिन खेल और फिटनेस पर फोकस
13 अप्रैल को इंडियन बॉडीबिल्डिंग फेडरेशन के सहयोग से बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप आयोजित होगी, जिसमें देशभर से 300 से अधिक प्रतिभागियों के आने की संभावना है।
राजनीतिक और प्रशासनिक दिग्गजों की मौजूदगी
सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत कई मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया है।
गया की पहचान को मिलेगा नया आयाम
गया, जो पहले से महाबोधि मंदिर के कारण विश्व स्तर पर प्रसिद्ध है, अब ऐसे आयोजनों के जरिए सामाजिक और सांस्कृतिक संवाद का भी बड़ा केंद्र बनता जा रहा है।
यह सम्मेलन न सिर्फ शांति और सद्भाव का संदेश देगा, बल्कि गया को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है।