गया के विकास को मिलेगी नई रफ्तार! विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने CM सम्राट चौधरी के सामने रखीं कई बड़ी परियोजनाएं
मुख्यमंत्री आवास में हुई इस मुलाकात के दौरान गया शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए कई नए फ्लाईओवर और रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श हुआ।
गया में बन सकते हैं कई नए फ्लाईओवर
डॉ. प्रेम कुमार ने कुजापी, धनिया बगीचा, डेल्हा, स्टेशन गुमटी नंबर-1 से बाटा मोड़ और टेकारी रोड तक फ्लाईओवर एवं आरओबी निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके अलावा फल्गु नदी किनारे बोधगया से विष्णुपद और रामशिला मोड़ तक, अनुग्रह नारायण मेडिकल कॉलेज से रेलवे स्टेशन तक तथा गया एयरपोर्ट से कृषि उत्पादन बाजार समिति तक फ्लाईओवर निर्माण के प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए।
विष्णुपद और बोधगया कॉरिडोर को मिलेगी गति
बैठक में गया की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष ने विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर को काशी विश्वनाथ और महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने की मांग की। उनका कहना था कि इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा पर्यटन को नई ऊंचाई मिलेगी।
साथ ही बोधगया कॉरिडोर निर्माण कार्य को भी तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
मगध टाउनशिप और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर पर भी फोकस
डॉ. प्रेम कुमार ने मुख्यमंत्री से गया में प्रस्तावित मगध टाउनशिप परियोजना को जल्द शुरू करने का आग्रह किया। इसके अलावा बोधगया मठ परिसर में आधुनिक लाइट एंड साउंड शो और संग्रहालय निर्माण तथा जिले में औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा अध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि गया जिले से जुड़ी इन सभी परियोजनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई कर विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस मुलाकात को गया के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि प्रस्तावित योजनाएं धरातल पर उतरती हैं, तो गया की तस्वीर आने वाले वर्षों में काफी बदल सकती है।