पटना में फिर चमका सोना-चांदी का बाजार, दाम में आई जबरदस्त तेजी, जानें आज का ताज़ा रेट और आने वाला ट्रेंड
Patna: राजधानी पटना के आभूषण बाजार में एक बार फिर से कीमती धातुओं की चमक बढ़ गई है। शनिवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखा गया है, जिससे निवेशकों और ग्राहकों दोनों के बीच हलचल मच गई है।
सोने की कीमतों में 400 रुपये की छलांग
आज पटना में 24 कैरेट शुद्ध सोने का दाम ₹98,700 प्रति 10 ग्राम पहुंच गया, जो शुक्रवार को ₹98,300 था। अगर जीएसटी जोड़ दें तो ये कीमत बढ़कर ₹1,01,661 प्रति 10 ग्राम हो जाती है। वहीं, 22 कैरेट सोना ₹91,000 और 18 कैरेट सोना ₹74,500 प्रति 10 ग्राम बिक रहा है। पुराने आभूषणों की बात करें तो 22 कैरेट पुराने सोने की विनिमय दर ₹88,500 और 18 कैरेट की ₹72,000 प्रति 10 ग्राम है।
चांदी ने भी पकड़ी रफ्तार – 1000 रुपये का उछाल
चांदी की कीमत में आज 1,000 रुपये प्रति किलो की तेजी आई है। अब 1 किलो चांदी ₹1,13,000 में बिक रही है। टैक्स समेत इसका दाम ₹1,16,390 हो जाता है।
हॉलमार्क चांदी के आभूषण ₹111 प्रति ग्राम जबकि बिना हॉलमार्क वाले ₹106 से ₹108 प्रति ग्राम के बीच बिक रहे हैं।
क्या रहेगा आगे का ट्रेंड?
पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अनुसार, वैश्विक बाजार की गतिविधियों और आर्थिक नीतियों के चलते सोने की कीमतों में आगे और उछाल की संभावना जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर मौजूदा रुझान जारी रहा तो दिसंबर 2025 तक सोना $3,839 प्रति औंस तक पहुंच सकता है, जो मौजूदा कीमत से करीब 15% अधिक है। चांदी की बात करें तो इसकी औद्योगिक मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे कीमतें और तेज हो सकती हैं।