नवरात्रि पर पटना ज्वेलरी बाज़ार से खुशखबरी: सोना-चांदी हुआ सस्ता, खरीदारी का सुनहरा मौका

 

Patna Desk: नवरात्रि के शुभ अवसर पर राजधानी पटना के ज्वेलरी बाज़ार से ग्राहकों के लिए राहत की खबर आई है। लगातार दूसरे दिन सोना और चांदी के भाव में गिरावट दर्ज की गई है। कीमतों में आई इस नरमी से बाज़ार में खरीदारी का रौनक बढ़ गया है और ग्राहकों के चेहरे खिल उठे हैं।

सोना 1000 रुपये तक टूटा

पिछले दो दिनों में सोने की क़ीमत में करीब 1000 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को 24 कैरेट सोना 114,500 रुपये प्रति 10 ग्राम से घटकर 113,800 रुपये पर आ गया। टैक्स और जीएसटी जोड़ने के बाद इसकी दर 117,214 रुपये बैठती है। वहीं 22 कैरेट सोना 105,700 रुपये और 18 कैरेट सोना 87,300 रुपये प्रति 10 ग्राम में बिक रहा है।

चांदी भी सस्ती हुई

सिर्फ सोना ही नहीं, चांदी के भावों में भी कमी देखने को मिली है। फिलहाल बाज़ार में चांदी 134,800 रुपये प्रति किलो पर मिल रही है, जो जीएसटी जोड़ने के बाद 138,844 रुपये हो जाती है। हॉलमार्क चांदी के गहनों की कीमत 134 रुपये प्रति ग्राम तय की गई है।

पुराने गहनों का एक्सचेंज रेट

अगर ग्राहक पुराने गहनों को बदलना चाहते हैं, तो 22 कैरेट आभूषणों का मूल्य 102,700 रुपये और 18 कैरेट का 84,300 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं, हॉलमार्क चांदी 130 रुपये प्रति ग्राम और बिना हॉलमार्क वाली चांदी 127 रुपये प्रति ग्राम पर बदली जा रही है।

विशेषज्ञों की राय

ज्वेलरी मार्केट से जुड़े जानकारों का मानना है कि यह गिरावट स्थायी नहीं है, बल्कि बाजार में अस्थायी नरमी का असर है। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में सोने-चांदी के दाम फिर से चढ़ सकते हैं। ऐसे में यह समय निवेशकों और ग्राहकों के लिए खरीदारी का सुनहरा मौका साबित हो सकता है।