बिहार में प्रशासनिक फेरबदल, राज्यपाल के सचिव बनें गोपाल मीणा, कई आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण - पदस्थापन, अधिसूचना जारी

 

Bihar News: बिहार में सम्राट सरकार के गठबंधन के बाद पहली बार बड़े पैमाने पर प्रशासनिक अधिकारियों का स्थानांतरण-पदस्थापन किया गया है। बिहार सरकार ने आज रविवार 26 अप्रैल को कई वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारियों को नयी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसकी अधिसूचना सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी कर दी गई है। 

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, बिहार के राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल. चोंगथू (1997 बैच) को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें अब अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बिहार के प्रधान सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है। वहीं उनकी जगह अब गोपाल मीणा (2007 बैच) को राज्यपाल का सचिव नियुक्त किया गया है। श्री मीणा इससे पहले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे। अधिसूचना के अनुसार, वे अपने नए दायित्वों के साथ-साथ सामान्य प्रशासन विभाग में जांच आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार में भी पूर्ववत बने रहेंगे।

प्रशासनिक फेरबदल की इस कड़ी में मो. सोहैल (2007 बैच) का भी तबादला किया गया है। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सचिव पद से हटाकर उन्हें अब सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना के पद पर पदस्थापित किया गया है। श्री मीणा की तरह मो. सोहैल भी सामान्य प्रशासन विभाग में जांच आयुक्त के अपने अतिरिक्त प्रभार को जारी रखेंगे।

कृषि विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात शैलेंद्र कुमार (2013 बैच) को जिले की कमान सौंपी गई है। उन्हें स्थानांतरित करते हुए लखीसराय का नया समाहर्ता एवं जिला पदाधिकारी (DM) बनाया गया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-14 के तहत उन्हें संबंधित जिले का जिला दण्डाधिकारी भी नियुक्त किया गया है। लखीसराय में उनकी नियुक्ति से प्रशासनिक कामकाज में नई ऊर्जा आने की उम्मीद है।

बहरहाल, राज्य सरकार के इस कदम को प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण और कामकाज में गति लाने के उद्देश्य से देखा जा रहा है। अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने नए पदों का कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है।