तिरंगे के रंग में रंगा गोपालगंज, विजय सिन्हा के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा; गूंजा ‘भारत माता की जय’ का जयघोष
Bihar news: स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले गोपालगंज शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। बिहार सरकार के कृषि मंत्री एवं गोपालगंज के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा शुक्रवार को जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया और लोगों के साथ कदम से कदम मिलाकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, बुजुर्ग और आम नागरिक शामिल हुए। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर लोग देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से शहर का माहौल पूरी तरह देशभक्तिमय हो गया।
विकास योजनाओं और बाढ़-सुखाड़ की तैयारियों की होगी समीक्षा
तिरंगा यात्रा के बाद मंत्री विजय कुमार सिन्हा समाहरणालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति के साथ संभावित बाढ़ और सुखाड़ से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी।
इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
‘तिरंगा देश के स्वाभिमान और सम्मान का प्रतीक’
मीडिया से बातचीत में विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि तिरंगा देश के हर नागरिक के स्वाभिमान, सम्मान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के सामने राजनीति, परिवारवाद और व्यक्तिवाद का कोई महत्व नहीं है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं और नई पीढ़ी में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को मजबूत करना है।
तिरंगा यात्रा में उमड़ी भीड़ ने स्वतंत्रता दिवस को लेकर लोगों के उत्साह और देशभक्ति की भावना को भी प्रदर्शित किया।