बिहार के 8 जिलों से गुजरेगा गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे, 73 हजार करोड़ होंगे खर्च; 15 घंटे का सफर 8 घंटे में होगा पूरा

 

बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी परियोजना पर काम तेज कर दिया गया है। गोरखपुर-सिलीगुड़ी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण से उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच आवागमन आसान होगा। इस एक्सप्रेसवे के तैयार होने के बाद न केवल बिहार के सीमावर्ती जिलों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंचना भी पहले के मुकाबले काफी आसान हो जाएगा।

करीब 568.7 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का लगभग 417 किलोमीटर हिस्सा बिहार से होकर गुजरेगा। बिहार के आठ जिले पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज इससे सीधे तौर पर जुड़ेंगे। परियोजना के लिए करीब 2,941 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। जमीन अधिग्रहण को लेकर भी प्रक्रिया तेज की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, पूर्वी चंपारण के 56 गांव, पश्चिम चंपारण के 14 मौजा, शिवहर के 12 गांव, सीतामढ़ी के 31 गांव, अररिया के 48 मौजा, सुपौल के 17 मौजा और किशनगंज के 51 मौजा में जमीन अधिग्रहण किया जाएगा। इस परियोजना से बिहार के आठ जिलों के 39 प्रखंडों के करीब 313 गांवों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

गोरखपुर से शुरू होकर सिलीगुड़ी तक जाएगा एक्सप्रेसवे

गोरखपुर-सिलीगुड़ी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की शुरुआत उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से होगी। इसके बाद यह कुशीनगर होते हुए बिहार में प्रवेश करेगा। बिहार के आठ जिलों से गुजरने के बाद यह पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी तक पहुंचेगा। यह चार लेन का एक्सप्रेसवे होगा, जिसके निर्माण पर करीब 73 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

15 घंटे का सफर महज 8 घंटे में होगा पूरा

फिलहाल गोरखपुर से सिलीगुड़ी के बीच सड़क मार्ग से सफर करने में करीब 15 घंटे का समय लगता है। एक्सप्रेसवे बनने के बाद यह दूरी लगभग 8 घंटे में पूरी की जा सकेगी। यानी यात्रियों के समय की काफी बचत होगी।

इस परियोजना से सीमावर्ती इलाकों में व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पर्यटन को भी गति मिलेगी। खासकर बिहार के उत्तर और पूर्वी हिस्सों के लोगों को इसका बड़ा फायदा मिल सकता है।