भारत मंडपम में नक्षत्र आरोग्यम 2026 का भव्य आगाज़, वैदिक विज्ञान और आयुर्वेद भारत की आत्मा: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार
Patna Desk: नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम परिसर में आयोजित नक्षत्र आरोग्यम 2026 महोत्सव में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शिरकत की। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नक्षत्र 2026 केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा, वैदिक विज्ञान और आयुर्वेदिक चेतना का जीवंत उत्सव है।
डॉ. प्रेम कुमार ने आयोजन के लिए भारत व्यापार संवर्धन संगठन और फ्यूचर प्वाइंट को बधाई देते हुए कहा कि बीते 19 वर्षों से इस महोत्सव का निरंतर आयोजन भारतीय वैदिक ज्ञान को वैश्विक मंच देने का सराहनीय प्रयास है। यह निरंतरता समर्पण और साधना का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भारत केवल एक भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि ज्ञान, दर्शन और विज्ञान की सजीव प्रयोगशाला रहा है। हमारे ऋषि-मुनियों ने ज्योतिष, अंकशास्त्र, हस्तरेखा, वास्तु, आयुर्वेद और योग जैसे विषयों पर गहन शोध किया, जो आज भी मानव जीवन को दिशा देने में पूरी तरह प्रासंगिक हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारतीय वैदिक विज्ञान परंपराओं को पुनर्जीवित करने के आह्वान का ही परिणाम है कि नक्षत्र जैसी प्रदर्शनी आज युवाओं और शोधकर्ताओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बन रही है। उन्होंने इस बात पर संतोष जताया कि ज्योतिष और आयुर्वेद को अब अंधविश्वास नहीं, बल्कि अनुभव आधारित विज्ञान के रूप में समझा जा रहा है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह आयोजन प्रमाण है कि भारतीय ज्ञान परंपरा समय के साथ पुरानी नहीं होती, बल्कि और अधिक प्रासंगिक बनती जाती है। आवश्यकता केवल वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नैतिकता और जनकल्याण की भावना के साथ इसे आगे बढ़ाने की है।
पुरस्कार समारोह को लेकर उन्होंने सम्मानित होने वाले विद्वानों को बधाई देते हुए कहा कि ये सभी अपने-अपने क्षेत्र के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ भारत की ज्ञान परंपरा के सच्चे संवाहक हैं। उन्होंने आशा जताई कि नक्षत्र प्रदर्शनी भविष्य में भी वैदिक और आयुर्वेदिक विज्ञान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए भारत को पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर संपूर्ण विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल, डॉ. अरुण कुमार बंसल, डॉ. जयप्रकाश शर्मा, निदेशक श्रीमती आभा बंसल, डॉ. सुरेश, डॉ. अनिल कुमार जैन, प्रमोद कुमार सिन्हा, सतीश कुमार सिन्हा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।