सड़क निर्माण में घोर लापरवाही: छपरा में ठेकेदार 3 साल के लिए ब्लैकलिस्ट, विभाग का सख्त एक्शन

 
Bihar News: ग्रामीण सड़कों के निर्माण में लापरवाही बरतने वाले संवेदक के खिलाफ बिहार सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। छपरा-01 कार्य प्रमंडल के तहत चल रही सड़क परियोजनाओं में गंभीर अनियमितता सामने आने के बाद संबंधित ठेकेदार को तीन वर्षों के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (अवशेष) के तहत पेरारी से हरिजन टोला चमरहिया और नंदलाल सिंह कॉलेज से हरिजन टोला बेलदारी तक बनने वाली सड़कों में गड़बड़ी मिलने के बाद की गई। विभागीय जांच में पाया गया कि निर्माण कार्य तय प्राक्कलन और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण कार्य विभाग ने संवेदक से स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन निर्धारित समयसीमा के भीतर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सख्त कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। यह निर्णय बिहार ठीकेदारी निबंधन नियमावली, 2007 के तहत लिया गया है।

विभाग ने साफ संकेत दिया है कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि सभी परियोजनाएं तय मानकों, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरी हों, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।

इस कार्रवाई के बाद निर्माण एजेंसियों में हड़कंप मच गया है और यह संदेश साफ है कि गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई तय है।