आधा बना, आधा अधूरा… दानापुर में रुका निर्माण, भड़के लोग पहुंचे पार्षद के दरवाज़े
Danapur: दानापुर के चित्रकूट नगर (वार्ड 35) में सड़क और नाला निर्माण अधर में लटक गया है। काम रुकते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को आक्रोशित भीड़ उपमुख्य पार्षद सरिता देवी के आवास पर जा पहुंची और काम दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाज़ी की।
जानकारी के मुताबिक, नगर परिषद द्वारा चल रहा नाला और सड़क निर्माण आधे रास्ते में ही रोक दिया गया। वजह बनी जमीन मालिक शंभूनाथ मेहता की आपत्ति। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर कहा कि उनकी निजी ज़मीन पर नाला और सड़क बनाई जा रही है।
आवेदन पर उपमुख्य पार्षद द्वारा अनुशंसा होते ही निर्माण का काम रोक दिया गया। इसी को लेकर स्थानीय लोग भड़क गए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आधा-अधूरा काम छोड़ देने से इलाके में और ज्यादा परेशानी बढ़ गई है।
वहीं, इस विवाद के बीच उपमुख्य पार्षद के प्रतिनिधि और स्थानीय वार्ड पार्षद आपस में आरोप-प्रत्यारोप करते दिखे। अब नगर परिषद ने आश्वासन दिया है कि जमीन मालिक के कागजात की जांच के बाद ही मामले का समाधान निकाला जाएगा।
दानापुर से रणजीत कुमार कि रिपोर्ट