आधे बिहार में आग, आधे में राहत की आस- कहीं लू का कहर, तो कहीं बारिश का अलर्ट
राज्य के ज्यादातर हिस्सों में फिलहाल तेज धूप और उमस लोगों को बेहाल कर रही है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार, 28 अप्रैल के बाद खासकर दक्षिण बिहार और राजधानी पटना में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 से 30 अप्रैल के बीच उत्तर, मध्य और पूर्वी बिहार के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसे लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पश्चिम और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा और दरभंगा समेत कई जिलों में बारिश के आसार हैं। वहीं मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, भागलपुर और बेगूसराय जैसे जिलों में भी मौसम करवट ले सकता है।
दूसरी तरफ दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, अरवल, गया और नवादा में लू का प्रकोप जारी है। इन इलाकों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है और अगले कुछ दिनों तक राहत की संभावना कम है।
राजधानी पटना में भी गर्मी चरम पर है। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म पछुआ हवाओं के कारण लोगों को फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही।
मौसम के इस बदले मिजाज ने जहां लोगों को सतर्क कर दिया है, वहीं किसानों के लिए भी यह समय सावधानी बरतने का है।