खान सर पर बोले रौशन आनंद, वो हमको भी मरवा सकता है, अनंत सिंह की तरह हमको भी ना जीने की खुशी ना मरने का गम

बिहार में खान सर और ज्ञान बिंदू के संचालक रौशन आनंद के बीच हुआ विवाद एक बार फिर चर्चा में है. कुछ महीने पहले दोनों के बीच विवाद ने काफी तूल पकड़ा था
 

बिहार में खान सर और ज्ञान बिंदू के संचालक रौशन आनंद के बीच हुआ विवाद एक बार फिर चर्चा में है. कुछ महीने पहले दोनों के बीच विवाद ने काफी तूल पकड़ा था. इस मामले में रौशन आनंद को जेल भी जाना पड़ा था. इसी दौरान उनके छोटे भाई की नेपाल में रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई थी. अब एक इंटरव्यू में रौशन आनंद ने पूरे मामले पर खुलकर अपनी बात रखी है. उन्होंने खान सर पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

रौशन आनंद ने दावा किया कि खान सर उनकी हत्या भी करवा सकते हैं. उन्होंने 2 जून के गोलीकांड, अपनी गिरफ्तारी और पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए. बातचीत के दौरान उन्होंने मोकामा के विधायक अनंत सिंह का भी जिक्र किया.

एक चैनल को दिए इंटरव्यू में रौशन आनंद से पूछा गया कि क्या वह अपनी सुरक्षा के लिए बॉडीगार्ड लेकर चलते हैं? इस पर उन्होंने कहा कि यह उनकी मजबूरी है. उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस होता है.

रौशन आनंद ने कहा, 'वो हमको भी मरवा सकता है. सच ये है कि वो हमको भी मरवा सकता है. बहुत धूर्त है. अपने बचाव के लिए वह कुछ भी कर सकता है. किसी के साथ भी कुछ कर सकता है. अगर उसको लगेगा कि मेरी जान मरवाकर वह सुरक्षित रह सकता है, तो वह ऐसा कर सकता है. इसलिए बॉडीगार्ड रखना हमारी मजबूरी है.'

यह आरोप रौशन आनंद ने इंटरव्यू के दौरान लगाए हैं. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

रौशन आनंद सर ने कहा कि हमको उस इंसान से नफरत है जिसने मेरा भाई छीन लिया। हम उसका नाम तक नहीं लेना चाहते हैं। रौशन आनंद ने कहा कि वो व्यक्ति साल 2019 से ही हमारे भाई को हमसे जुदा करना चाहता था। हमारे भाई हमारे साथ सुरक्षा कवच के साथ खड़ा रहता था। वो साल 2019 से हमारे भाई के पीछे पड़ा था और साल 2026 में वो सफल हुआ।

रौशन आनंद ने मोकामा के विधायक अनंत सिंह का भी नाम लिया। रौशन आनंद ने सवाल उठाते हुए कहा कि हम क्या कोई अपराधी थे जो सुबह 4 बजे हमको घर में घुसकर उठा लिया गया। यह सबकुछ पुलिस के सहयोग से हुआ है और हमको यह बात कहने में डर नहीं है। अनंत सिंह कहते हैं ना-जीने की खुशी ना मरने का गम। हमारे साथ भी अब वही है। ना जीने की खुशी है और ना मरने का गम है।