बापू की धरती से स्वास्थ्य का संदेश: बिमाकॉन-26 का आगाज, डॉ. आशुतोष शरण बने बिहार IMA के अध्यक्ष
Bihar news: महात्मा गांधी की कर्मभूमि मोतिहारी में आयोजित बिमाकॉन-26 के 81वें वार्षिक अधिवेशन का भव्य शुभारंभ हुआ। देशभर से आए चिकित्सकों और विशेषज्ञों की मौजूदगी में यह आयोजन चिकित्सा जगत के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। इसी अवसर पर बिहार इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. आशुतोष शरण ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद और पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने किया। उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए डॉक्टरों का स्वागत करते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे शोध और नवाचार समाज के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने चिकित्सकों के योगदान को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा और उनके प्रयासों की सराहना की।
समारोह में Indian Medical Association के पदाधिकारियों के साथ-साथ महात्मा गांधी सेंट्रल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। कुलपति ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कैंसर पर प्रस्तुत शोध पत्रों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक चिकित्सा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है।
स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर
बिमाकॉन-26 के ऑर्गनाइजिंग चेयरमैन और बिहार IMA के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष शरण ने अपने संबोधन में एचपीवी से जुड़े कैंसर पर विशेष चर्चा की। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण और जागरूकता से इस बीमारी को काफी हद तक रोका जा सकता है। साथ ही लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और सतर्क रहने की अपील की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिल पचनेकर, डॉ. टी.पी. सिंह, अशोक कुमार यादव, संतोष कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ चिकित्सक और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
बिमाकॉन-26 का यह आयोजन न केवल चिकित्सा क्षेत्र में नए शोध और विचारों के आदान-प्रदान का मंच बना, बल्कि मोतिहारी से स्वास्थ्य जागरूकता का मजबूत संदेश भी दिया।
रिपोटर: प्रशांत कुमार, मोतिहारी