बिहार में सितंबर की शुरुआत से गर्मी ने बढ़ाई टेंशन, बारिश थमी – उमस से लोग बेहाल
Patna weather update: सितंबर की शुरुआत के साथ ही बिहार में मानसून की रफ्तार थमने लगी है। बारिश थमने के बाद तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राज्य के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क है और लोग भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। रविवार को केवल डेहरी, मोतिहारी, औरंगाबाद और जीरादेई में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि बाकी जिलों में बारिश का नामोनिशान नहीं दिखा।
आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आज भी राज्य में गर्मी और नमी का असर हावी रहेगा। अगले दो दिनों तक तापमान और आर्द्रता दोनों बढ़े रहेंगे, जिससे आम लोगों को भारी असुविधा होगी।
पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, खगड़िया, भोजपुर, रोहतास, कैमूर और बांका में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में फिलहाल बारिश की कोई उम्मीद नहीं है।
आने वाले दिन
मौसम विज्ञान केंद्र का अनुमान है कि आने वाले 10 दिनों तक राज्य में सामान्य से कम वर्षा होगी। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। अब तक बिहार में औसतन 29 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
रविवार को औरंगाबाद में सबसे ज्यादा 24.5 मिमी बारिश हुई। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और मोतिहारी का न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अरवल में हवा की रफ्तार 31 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।
पटना का हाल
राजधानी पटना में रविवार को कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल पाई। सोमवार को भी आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। शहर का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री और न्यूनतम 29.1 डिग्री दर्ज किया गया।
हवा में नमी का स्तर 74 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिसकी वजह से उमस और बढ़ गई है। इधर गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे मुंगेर, बेगूसराय समेत कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। कटाव की समस्या से स्थानीय लोग खासे परेशान हैं।