बिहार में गर्मी का कहर! गया 44.6°C के साथ सबसे तपता जिला, कई इलाकों में लू और रेड अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बिहार के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश के आसार हैं। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद है।
विभाग ने भभुआ, बक्सर और रोहतास के कुछ इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में हीटवेव जैसे हालात बने हुए हैं। सोमवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन साबित हुआ, जब तीन जिलों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। दोपहर के समय सड़कें तपने लगीं और लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
राजधानी पटना में अधिकतम तापमान भले तीन डिग्री नीचे आया, लेकिन 53 प्रतिशत नमी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। लोगों को वास्तविक तापमान से तीन-चार डिग्री ज्यादा गर्मी महसूस हुई। सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार सुबह बादलों की मौजूदगी से मौसम थोड़ा सुहावना रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तापमान बढ़ने के आसार हैं।
वहीं गया जिला भीषण गर्मी की चपेट में है। आसमान से मानो आग बरस रही हो। तेज पछुआ हवा और तपती धूप ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सोमवार को गया 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बिहार का सबसे गर्म जिला रहा। इसके अलावा रोहतास में 44.5 डिग्री और बक्सर में 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने रोहतास, कैमूर और बक्सर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
इधर 25 मई से शुरू होने वाले ‘नौतपा’ को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। 2 जून तक चलने वाले इस दौर में लगातार नौ दिनों तक भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल सकता है। प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है। भीषण गर्मी को देखते हुए बक्सर जिला प्रशासन ने पहली से आठवीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 31 मई तक बंद रखने का आदेश दिया है। वहीं समस्तीपुर में सुबह 11 बजे तक ही कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। दिन में तेज धूप और उमस लोगों को परेशान करेगी, जबकि शाम के समय कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी राहत दे सकती है।