बिहार में शुरू हुई हेली-टूरिज्म सेवा, अब हेलिकॉप्टर और छोटे विमान से करें ऐतिहासिक स्थलों की सैर

 

Bihar news: बिहार में पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने "मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026" का शुभारंभ कर दिया है। इस योजना के तहत पर्यटक अब हेलिकॉप्टर और छोटे विमान के जरिए बिहार के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की हवाई यात्रा का आनंद ले सकेंगे।

पर्यटन विभाग के अनुसार, इस योजना के लिए 13 जुलाई से ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि नियमित हवाई सेवाओं का संचालन 18 जुलाई से किया जाएगा। इच्छुक पर्यटक बिहार पर्यटन विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपनी सीट बुक करा सकते हैं।

पहले चरण में तीन प्रमुख पर्यटन स्थल शामिल

योजना के पहले चरण में पटना को वाल्मीकिनगर, राजगीर और कैमूर से जोड़ा गया है। वाल्मीकिनगर के लिए 20-सीटर राजकीय विमान संचालित होगा, जबकि राजगीर और कैमूर के लिए 6+2 सीटर हेलिकॉप्टर की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक हेलिकॉप्टर उड़ान में पांच सीटें पर्यटकों के लिए आरक्षित रहेंगी।

हर सप्ताह मिलेगी हवाई यात्रा की सुविधा

पटना-वाल्मीकिनगर-पटना एयर सेवा प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित होगी। पहली उड़ान सुबह 10 बजे पटना से रवाना होगी और वाल्मीकिनगर से 11 बजे वापसी करेगी। दूसरी उड़ान दोपहर 3 बजे पटना से जाएगी और 4:30 बजे वाल्मीकिनगर से लौटेगी। इस रूट पर एकतरफा किराया 5,000 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया गया है। सीमित सीटों के कारण यात्रियों को पहले से ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

सरकार का मानना है कि हेली-टूरिज्म और एयर टूरिज्म सेवा से बिहार के पर्यटन क्षेत्र को नई रफ्तार मिलेगी। इससे राज्य के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों तक देश-विदेश के पर्यटकों की पहुंच आसान होगी। साथ ही होटल उद्योग, स्थानीय रोजगार और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। नई योजना के जरिए अब बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत का नजारा सिर्फ सड़क मार्ग से ही नहीं, बल्कि आसमान की ऊंचाइयों से भी लिया जा सकेगा।