विधायकों के लिए बन रहा हाईटेक आवासीय परिसर: स्पोर्ट्स क्लब से हरियाली तक, विधानसभा अध्यक्ष ने दिए बड़े निर्देश
Bihar news: बिहार में जनप्रतिनिधियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने वीरचंद पटेल पथ स्थित नवनिर्मित आवासीय परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विधायकों के लिए बन रहे आधुनिक हॉस्टल और कम्युनिटी सेंटर की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि जी+6 संरचना वाले विधायक हॉस्टल में कुल 83 सुइट तैयार किए जा रहे हैं, जिसका निर्माण मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं जी+2 संरचना वाला कम्युनिटी सेंटर इस साल दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा।
स्पोर्ट्स क्लब और हरियाली पर जोर
अध्यक्ष ने दारोगा प्रसाद राय पथ के पश्चिमी हिस्से में खाली पड़ी जमीन पर विधायक हॉस्टल के साथ-साथ विधायक स्पोर्ट्स क्लब बनाने का निर्देश भी दिया। इसके अलावा उन्होंने पूरे आवासीय परिसर के तीनों ब्लॉक में हरियाली विकसित करने और विधानसभा स्थित खेल मैदान को आधुनिक स्पोर्ट्स ग्राउंड के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
लंबित कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने सभी लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने का सख्त निर्देश अधिकारियों को दिया, ताकि तय समय सीमा में परियोजना को पूरा किया जा सके।
इस मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और परियोजना की प्रगति से अवगत कराया। माना जा रहा है कि यह आधुनिक आवासीय परिसर विधायकों के लिए सुविधाजनक और व्यवस्थित कार्य वातावरण तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।