जहानाबाद में होमगार्ड जवानों का हल्ला बोल, समान वेतन की मांग पर समाहरणालय घेराव

 

बिहार में चुनावी साल आते ही कर्मचारियों के आंदोलनों की रफ्तार तेज़ हो गई है। बुधवार को जहानाबाद में बिहार होमगार्ड जवानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

जुलूस से लेकर धरना तक

जवानों का जुलूस जिला होमगार्ड कार्यालय से निकला और अरवल मोड़ होते हुए समाहरणालय परिसर पहुंचा। वहां सैकड़ों जवानों ने “समान काम, समान वेतन” और “अन्याय बंद करो” जैसे नारे लगाते हुए घंटों धरना दिया।

“पुलिस जैसी ड्यूटी, लेकिन वेतन में भेदभाव”

गृह रक्षा वाहिनी के जिला अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने कहा, “हम लोग पुलिस बल की तरह ही जोखिम उठाते हैं और ड्यूटी करते हैं। फिर भी हमें बराबर का वेतन नहीं दिया जाता। यह दोहरी नीति क्यों?”

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 में दिए गए महंगाई भत्ते के बाद से अब तक कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। जबकि सरकारी कर्मचारियों को 55% तक महंगाई भत्ता मिल रहा है, वहीं होमगार्ड जवान अब भी 2018 के स्तर पर अटके हुए हैं।

आंदोलन और तेज करने की चेतावनी

जवानों ने साफ कर दिया कि अगर जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन का दायरा और बढ़ाया जाएगा।

कर्मचारियों के आंदोलनों की चेन रिएक्शन

गौरतलब है कि बीते 9 अगस्त से अनुसूचिवीय कर्मी संघ भी 10 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। ऐसे में चुनाव नजदीक आने के साथ राज्यभर में कर्मचारियों के आंदोलनों की गूंज और तेज होती जा रही है।