पटना में होमगार्ड जवानों का हल्लाबोल, DG कार्यालय को घेरा, रिटायरमेंट पर 10 लाख और पेंशन की मांग
अपनी मांगों को लेकर 40000 होमगार्ड जवानों का गुस्सा आज फूट पड़ा है। सोमवार को राज्यभर से पहुंचे गृह रक्षकों ने पटना में होमगार्ड डीजी कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। होमगार्ड जवानों ने रिटायरमेंट के समय 10 लाख रुपये, पेंशन और समान काम के लिए समान वेतन लागू किये जाने की मांग की। इसके अलावे नौकरी स्थायी करने, महिला जवानों को विशेष अवकाश देने और पोस्टिंग में मनमानी रोकने की भी मांग दोहराई।
पटना के गांधी मैदान में सोमवार को बिहार के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में गृह रक्षक अपनी मांगों को लेकर जुटे। महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद सभी जवान गेट नंबर-1 से मार्च करते हुए होमगार्ड डीजी कार्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी गृह रक्षक होमगार्ड डीजी सह डीजीपी प्रीता वर्मा के कार्यालय के प्रवेश द्वार पर बैठ गए और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। गृह रक्षकों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और आगे बढ़ाया जाएगा।
गृह रक्षकों की प्रमुख मांगों में रिटायरमेंट के समय 10 लाख रुपये की सहायता राशि, सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन, समान काम के लिए समान वेतन और नौकरी स्थायी करना शामिल है। इसके साथ ही महिला गृह रक्षकों को विशेष दिनों में अवकाश देने और ड्यूटी तथा पोस्टिंग में अधिकारियों की मनमानी रोकने की मांग भी की जा रही है।
गृह रक्षकों का कहना है कि 2016 में सुप्रीम कोर्ट ने समान काम के लिए समान वेतन देने का आदेश दिया था, लेकिन अब तक इसे पूरी तरह लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। विकास कुमार ने चेतावनी दी कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो सरकारी हथियार और कारतूस जमा करने का फैसला भी लिया जा सकता है।
सहरसा से पहुंची गृह रक्षक मीना कुमारी ने नौकरी स्थायी करने की मांग उठाई। मोतिहारी के अमलेश कुमार ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की मनमानी के कारण कभी ड्यूटी से हटा दिया जाता है तो कभी छोटी-छोटी शिकायतों पर निलंबित कर दिया जाता है। उन्होंने वेतन में भेदभाव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्ष 1989 में नौकरी करने वाले गृह रक्षक और आज के जवान को भी 1121 रुपये ही वेतन मिल रहा है। उन्होंने इस व्यवस्था में बदलाव की मांग की।
वहीं, बिहटा में तैनात गृह रक्षक सुनील कुमार ने कहा कि जवानों को उनकी वर्दी का सम्मान मिलना चाहिए और पोस्टिंग में मनमानी बंद होनी चाहिए। बता दें कि बिहार में करीब 40 हजार गृह रक्षक हैं। लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे ये जवान अब एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं। फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार और विभाग के अधिकारी इनकी मांगों पर क्या कदम उठाते हैं।