“मीडिया और सरकार साथ चले तो बिहार बनेगा देश का सबसे मजबूत मॉडल”- श्रवण कुमार

 
Bihar news: बिहार सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने सोमवार को मीडिया और सरकार के रिश्ते को विकास की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि “सरकार और मीडिया के सहयोग से बिहार को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।”

सूचना भवन के संवाद कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने कहा कि विभाग का जिम्मा संभालने के बाद उनकी पहली इच्छा पत्रकारों से मुलाकात करने की थी। उन्होंने कहा कि मीडिया और सरकार का रिश्ता वर्षों पुराना और भरोसे पर आधारित रहा है, जिसने बिहार की विकास यात्रा को देश-दुनिया तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।

“नीतीश काल की नींव को नई सरकार और मजबूत करेगी”

श्रवण कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लंबे कार्यकाल में विकास की जो मजबूत नींव रखी गई, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई सरकार उसे और मजबूती देने का काम करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए बिहार को प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।

“बिहार की सकारात्मक छवि बनाने में मीडिया की बड़ी भूमिका”

मंत्री ने कहा कि पिछले दो दशकों में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने का सराहनीय काम किया है। उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और गांवों की उन्नति से जुड़ी खबरों को प्रमुखता देने के लिए मीडिया की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि कभी बिहार को लेकर देश और विदेश में जो नकारात्मक सोच थी, उसे बदलने में मीडिया की सकारात्मक रिपोर्टिंग का बड़ा योगदान रहा है।

“गलतियां दिखाएं, सरकार को मजबूत करें”

श्रवण कुमार ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं किसी प्रकार की कमी या लापरवाही दिखाई दे तो उसे रचनात्मक तरीके से सामने लाया जाए, ताकि सरकार व्यवस्था को और बेहतर बना सके।

उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि विकास की रफ्तार और तेज हो और इसमें मीडिया की भागीदारी बेहद जरूरी है।

प्रेस वार्ता के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक अनिल कुमार समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।