मैं दो दिन तक आपका इंतज़ार करूंगी…’ पवन सिंह से मिलने लखनऊ पहुंचीं पत्नी ज्योति, सोशल मीडिया पर छलका दर्द

 

Patna Desk: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह अब पूरी तरह राजनीति की मुख्यधारा में कदम रखने जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, वे 5 अक्टूबर को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता लेंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि पवन सिंह को बिहार की आरा लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा तेज है।

हालांकि, इसी बीच उनकी निजी जिंदगी फिर सुर्खियों में आ गई है। उनकी पत्नी ज्योति सिंह लगातार सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट कर रही हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच तलाक का मामला फिलहाल कोर्ट में लंबित है।

पत्नी का भावुक संदेश- “प्रिय पतिदेव, मैं आपसे मिलने लखनऊ आ रही हूं”

शुक्रवार को ज्योति सिंह ने फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट लिखा- प्रिय पतिदेव श्री पवन सिंह जी, मैं कल आपसे एवं आपके परिवार से मिलने आपके निवास स्थान लखनऊ आ रही हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप मुझसे जरूर मिलेंगे। अगर आप कहीं और होंगे, तो मैं आपका दो दिन तक इंतजार करूंगी। बहुत सारी बातें और कई महत्वपूर्ण निर्णय आपके साथ बैठकर करने हैं। प्लीज मुझसे जरूर मिलिएगा।

यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। फैंस ने इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं- कुछ ने ज्योति के साहस की तारीफ की, तो कुछ ने पवन सिंह के राजनीतिक सफर से इसे जोड़कर देखा।

“कवन भईल हमरा से गलती…” गाने के साथ लिखा दर्दभरा कैप्शन

इससे पहले ज्योति सिंह ने हाथ जोड़कर अपनी एक तस्वीर साझा की थी, जिसके बैकग्राउंड में पवन सिंह का गाना चल रहा था- कवन भईल हमरा से गलती, लेत नइखे सुधिया हमार। कैप्शन में उन्होंने लिखा था- “ऐसी कौन-सी गलती हुई है, जो इतनी बड़ी सजा मिल रही है।”

मुझे अपने ही जीवन से नफरत होती जा रही है

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा- “मुझे अपने ही जीवन से नफरत होती जा रही है। एक बार आप मुझसे बात कर लीजिए, मेरे कॉल और मैसेज का जवाब दे दीजिए। जब दूर ही होना था, तो लोकसभा चुनाव में मुझे अपने पास क्यों बुलाया?”

उनकी ये पोस्टें अब न केवल मनोरंजन जगत बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गई हैं।

ज्योति की राजनीति में एंट्री की तैयारी

ज्योति सिंह ने पहले दावा किया था कि वह 2025 बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने काराकाट विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश की है, हालांकि अब तक यह साफ नहीं है कि वह किस दल से मैदान में उतरेंगी।

राजनीति और पर्सनल लाइफ दोनों पर निगाहें

पवन सिंह के भाजपा में शामिल होने को लेकर पार्टी के भीतर उत्साह है, लेकिन उनकी निजी जिंदगी की उथल-पुथल ने कहानी में नया मोड़ जोड़ दिया है।
एक तरफ जहां पवन सिंह की राजनीतिक एंट्री को “भोजपुरी पावर” के रूप में देखा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ ज्योति सिंह के भावुक संदेशों ने इस सियासी ड्रामे को और दिलचस्प बना दिया है।