अकवान का असर... 24 घंटे में 4 डिग्री तक गिरा पारा, खेतों में डूबे धान

बिहार में चक्रवाती तूफान 'अकवान', पश्चिमी विक्षोभ और कम दबाव के असर से मौसम पूरी तरह बदल गया है।
 

बिहार में चक्रवाती तूफान 'अकवान', पश्चिमी विक्षोभ और कम दबाव के असर से मौसम पूरी तरह बदल गया है। आसमान में बादलों के डेरे ने धूप रोकी तो 24 घंटे में दिन का तापमान 4 डिग्री तक गिर गया और ठंड बढ़ गई। वहीं, बेमौसम बारिश से खेतों में पककर तैयार धान गिर गई और खलिहानों में रखे बोझे भीग गए। इससे खरीफ को भारी नुकसान के साथ रबी की बुआई पिछड़ने का दोहरा संकट

खड़ा हो गया है। उत्तर ओडिशा में बने चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्यभर में बादल और बारिश की स्थिति बनी। पिछले 24 घंटों में अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर गया, हालांकि रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। पटना में 22 नवंबर को अधिकतम तापमान 24 डिग्री रहा। वर्षा के आंकड़ों में बांका के शंभूगंज में सर्वाधिक 58 मिमी, नवादा के कौआकोल में 52.2 मिमी, मुंगेर के असरगंज में 49.8 मिमी, तारापुर में 45.6 मिमी और भागलपुर में 42.2 मिमी बारिश हुई।

बारिश और तेज हवा से खेतों में खड़ी पकी धान बिछ गई और निचले इलाकों में बालियां पानी में डूब गईं। खेत-खलिहान में भीगे बोझों में फफूंद लगने व दानों की गुणवत्ता बिगड़ने का खतरा बन गया है। खेतों में जलजमाव से गेहूं, सरसों, चना और मसूर की बुआई 10 से 15 दिन पिछड़ सकती है।