चक्रवाती तूफान अर्नब का असर... मौसम आज से बदलेगा, 30 को भारी बारिश होगी
बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अर्नब बिहार के मौसम को भी बड़े स्तर पर प्रभावित करने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, राज्यभर में 28 अक्टूबर से तेज हवा, बारिश और वज्रपात का सिलसिला शुरू होगा।
30 अक्टूबर को पटना समेत राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले दो दिन तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। लेकिन, 29 अक्टूबर से बारिश शुरू होने के बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। सुबह-शाम ठंड का अहसास होगा।
28 अक्टूबर : रोहतास, भभुआ, बक्सर, औरंगाबाद समेत कई जिलों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना।
29 अक्टूबर : राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश होगी। भभुआ, गया, नवादा और रोहतास में भारी बारिश का अलर्ट है।
30 अक्टूबर : पश्चिमी चंपारण, सीवान, गोपालगंज, रोहतास और भभुआ में एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी होगी। पटना, गया, जहानाबाद, अरवल, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और सहरसा में भारी बारिश होगी।
31 अक्टूबर : राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा।