भीषण गर्मी का असर: पटना में 27 जून तक बंद रहेंगे कक्षा 8 तक के स्कूल, डीएम कुंदन कुमार का आदेश

 

Bihar news: राजधानी पटना में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 27 जून तक रोक लगा दी है।

जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अत्यधिक तापमान और दोपहर के समय पड़ रही तेज गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश जिले के सभी सरकारी, निजी विद्यालयों और प्री-स्कूलों पर लागू होगा।

डीएम कुंदन कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा-163 के तहत यह आदेश जारी करते हुए विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वे शैक्षणिक गतिविधियों को आदेश के अनुरूप पुनर्निर्धारित करें।

जिला प्रशासन के अनुसार, यह आदेश 22 जून से 27 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों में पठन-पाठन पूरी तरह बंद रहेगा, जबकि उच्च कक्षाओं के संचालन को लेकर विद्यालय प्रशासन अलग से निर्णय ले सकेंगे।

पटना में इन दिनों तापमान लगातार ऊंचे स्तर पर बना हुआ है। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू जैसे हालात बने रहने की संभावना जताई है। ऐसे में जिला प्रशासन का यह कदम बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उठाया गया महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।