गयाजी में मेयर गणेश पासवान ने किया पितरों का तर्पण, श्रद्धालुओं की सुविधा पर कही बड़ी बात
गया से धीरज सिन्हा की रिपोर्ट
Gayaji: पितृपक्ष मेले के बीच मंगलवार की अहले सुबह गया के विष्णुपद मंदिर स्थित देवघाट पर आस्था और श्रद्धा का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। गया नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने फल्गु नदी के पावन तट पर अपने पूर्वजों की मोक्ष की कामना को लेकर विधि-विधान से जल तर्पण किया।
पुरोहित के मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान के बीच मेयर ने अपने पितरों का स्मरण करते हुए उन्हें तर्पण अर्पित किया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद उन्होंने गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया तथा दान-पुण्य भी किया।
फल्गु तट पर किया पितरों का तर्पण
पितृपक्ष के दौरान गया में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने पूर्वजों के पिंडदान और तर्पण के लिए पहुंचते हैं। इसी धार्मिक परंपरा के तहत मेयर गणेश पासवान ने भी देवघाट पर पहुंचकर अपने पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना की।
तर्पण के दौरान पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक विधियां पूरी कराईं। इसके बाद मेयर ने जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया और दान-पुण्य किया।
‘गयाजी आस्था, श्रद्धा और कर्तव्य का संगम’
मेयर गणेश पासवान ने कहा कि गयाजी केवल एक धार्मिक नगरी नहीं, बल्कि पितरों के प्रति आस्था, श्रद्धा और कर्तव्य का संगम है। उन्होंने कहा कि अपने पूर्वजों को याद कर पिंडदान और तर्पण करने की परंपरा अत्यंत प्राचीन और पौराणिक है।
उन्होंने कहा कि पितृपक्ष के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी श्रद्धालु अपने पितरों की मोक्ष की कामना लेकर गयाजी पहुंचते हैं। फल्गु नदी के तट पर तर्पण और विष्णुपद मंदिर में पिंडदान का विशेष धार्मिक महत्व है।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर नगर निगम की नजर
मेयर ने कहा कि गयाजी आने वाले प्रत्येक पिंडदानी और तीर्थयात्री को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए निगम पूरी तरह सजग है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम के जनप्रतिनिधि और अधिकारी लगातार क्षेत्र में रहकर सफाई, पेयजल, प्रकाश, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
‘तीर्थयात्रियों की सेवा भी गयाजी की परंपरा’
मेयर गणेश पासवान ने कहा कि पितरों के प्रति श्रद्धा के साथ तीर्थयात्रियों की सेवा करना भी गयाजी की परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी भावना के साथ गया नगर निगम की पूरी टीम दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी हुई है।
उन्होंने पितरों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए पितृपक्ष मेले में आने वाले सभी तीर्थयात्रियों के सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।