सुपौल में ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्रों का धरना, मानदेय और स्थायीकरण की उठी मांग
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मानदेय बढ़ाने, सेवा को स्थायी करने और चौकीदार की नियुक्ति में ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्रों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई। इस दौरान सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई और जल्द से जल्द मांगें पूरी करने की अपील की गई।
धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष बजरंग कुमार ने कहा कि फिलहाल यह एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना है। इसके बाद अपनी सभी मांगों से जुड़ा ज्ञापन जिला अधिकारी के माध्यम से बिहार के मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि अगर मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आगे चलकर सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और यातायात व्यवस्था भी सामान्य बनी रही।
रिपोटर: पीयूष कुमार, सुपौल