PM मोदी की मां पर अभद्र टिप्पणी: भाजपा ने कांग्रेस पर FIR दर्ज की, ऋतुराज ने कहा- “राहुल गांधी माफी मांगें या बिहार छोड़ें”
Patna: पटना की सियासत इस वक्त गरमाई हुई है। वजह वही—दरभंगा की सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर बोले गए अभद्र शब्द। इस विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा अब सीधे राहुल गांधी को निशाने पर ले चुके हैं।
ऋतुराज सिन्हा ने तीखे अंदाज़ में कहा-
“या तो राहुल गांधी तुरंत प्रधानमंत्री और जनता से माफी मांगें, वरना उन्हें बिहार की धरती छोड़नी होगी। इस राज्य की मिट्टी ऐसी गंदी राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगी।”
राजनीति का मर्यादा-भंजन
भाजपा नेता का आरोप है कि कांग्रेस की सभा में जिस तरह खुलेआम प्रधानमंत्री की माता जी को लेकर अपशब्द बोले गए, उसने न सिर्फ राजनीति को शर्मसार किया बल्कि समाज की मर्यादाओं को भी तार-तार कर दिया। सिन्हा का कहना था कि राहुल गांधी मंच पर मौजूद थे, इसलिए ये जिम्मेदारी उन्हीं की बनती है कि तुरंत माफी मांगे।
कांग्रेस मंच से उठी विवाद की चिंगारी
दरभंगा के सिमरी थाना क्षेत्र के बिठौली चौक में हुए कार्यक्रम के दौरान बार-बार प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया। खास बात यह कि मंच पर कांग्रेस समेत महागठबंधन के तमाम बड़े नेता मौजूद थे, लेकिन किसी ने टोकने की ज़हमत तक नहीं उठाई।
भाजपा का पलटवार और FIR
इस घटना के बाद भाजपा नेताओं ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए सड़कों से लेकर थाने तक विरोध दर्ज कराया। पटना कोतवाली थाने में कांग्रेस नेताओं पर प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।