कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन, बिहार विधान परिषद् सभापति ने पदक विजेताओं को दी बधाई
Bihar news: ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान बढ़ाया है।
पैरा-एथलेटिक्स में दिलीप गावित ने रचा इतिहास
पैरा-एथलेटिक्स की पुरुष 100 मीटर टी47 स्पर्धा में दिलीप गावित ने 10.71 सेकंड का शानदार समय निकालते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी स्पर्धा में भारत के मोहम्मद बेसिल ने रजत पदक जीतकर देश की झोली में एक और उपलब्धि जोड़ी।
इन खिलाड़ियों ने भी दिलाया भारत को गौरव
महिलाओं के 69 किलोग्राम भार वर्ग में हरजिंदर कौर ने रजत पदक जीता। वहीं, भारतीय सेना के नायब सूबेदार और लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने 10,000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। पुरुषों की लंबी कूद प्रतियोगिता में मुरली श्रीशंकर ने भी रजत पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया।
‘खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया’
बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश के खिलाड़ी आने वाले मुकाबलों में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का तिरंगा विश्व मंच पर लहराते रहेंगे।
भारत के खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता से खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है और पूरे देश में पदक विजेताओं को लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।