बिहार में निवेश की संभावनाओं को परखने मैदान में उतरे उद्योग जगत के दिग्गज, मुजफ्फरपुर के औद्योगिक पार्कों का किया दौरा
Mujaffarpur news: बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और राज्य में तैयार हो रहे आधुनिक औद्योगिक ढांचे से उद्योग जगत को रूबरू कराने के उद्देश्य से उद्योग विभाग ने मुजफ्फरपुर में विशेष औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन और उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस दौरे में प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक एवं कारोबारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
प्रतिनिधिमंडल में बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यवसायी आयोग, सीआईआई, बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (BCCI) और लघु उद्योग भारती से जुड़े प्रतिनिधि शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुजफ्फरपुर के विभिन्न औद्योगिक पार्कों और संचालित औद्योगिक इकाइयों का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, निवेश की संभावनाओं और कारोबार के अनुकूल माहौल की जानकारी ली।
मेगा लेदर पार्क में निवेश की संभावनाओं की जानकारी
औद्योगिक दौरे की शुरुआत मेगा लेदर, फुटवियर एंड एक्सेसरीज पार्क (MLFAC), महवाल, मोतीपुर से हुई। BIADA के तहत विकसित इस पार्क में प्रतिनिधियों को आधुनिक औद्योगिक आधारभूत संरचना, कॉमन सुविधाओं और निवेशकों के लिए उपलब्ध सरकारी सुविधाओं की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को पार्क में उपलब्ध भूखंडों, लॉजिस्टिक्स सुविधाओं और भविष्य में औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं से भी अवगत कराया। उद्योग प्रतिनिधियों ने पार्क में मौजूद सुविधाओं का मौके पर निरीक्षण किया और बिहार में लेदर एवं फुटवियर क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को समझा।
मेगा फूड पार्क में उत्पादन और तकनीक का लिया जायजा
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल मेगा फूड पार्क, मोतीपुर पहुंचा। यहां Tiwana Nutrition Global Pvt. Ltd. की उत्पादन इकाई का निरीक्षण किया गया। प्रतिनिधियों ने कंपनी की उत्पादन प्रक्रिया, आधुनिक तकनीक और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी गतिविधियों को देखा।
इस दौरान उद्योग प्रतिनिधियों ने उद्यमियों और औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से बातचीत भी की। खाद्य प्रसंस्करण, वैल्यू एडिशन और निर्यात की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
बायोफ्यूल इकाई का भी किया निरीक्षण
दौरे के अंतिम चरण में प्रतिनिधिमंडल ने Muzaffarpur Biofuels Pvt. Ltd. की औद्योगिक इकाई का दौरा किया। प्रतिनिधियों ने यहां उत्पादन प्रक्रिया और औद्योगिक संचालन को करीब से समझा। कंपनी की ओर से गुणवत्ता मानकों और परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी दी गई।
उद्योग विभाग बोला- निवेशकों का भरोसा मजबूत करना लक्ष्य
उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता ने कहा कि बिहार में उद्योग स्थापित करने के लिए जरूरी आधारभूत ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है। अलग-अलग क्षेत्रों के लिए विकसित औद्योगिक पार्क और क्लस्टर निवेशकों को बेहतर सुविधाएं और अनुकूल कारोबारी माहौल उपलब्ध करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के औद्योगिक भ्रमण से उद्यमियों को बिहार में मौजूद सुविधाओं और निवेश के अवसरों की जमीनी जानकारी मिलती है। इससे राज्य में निवेश को लेकर उद्योग जगत का भरोसा और मजबूत होगा।
उद्योग प्रतिनिधियों ने बिहार में संभावनाओं को सराहा
उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बिहार में औद्योगिक विकास की संभावनाओं को महत्वपूर्ण बताया। प्रतिनिधियों के मुताबिक, राज्य में विकसित हो रहा औद्योगिक आधारभूत ढांचा और निवेशकों के लिए उपलब्ध सुविधाएं नए उद्योगों की स्थापना के रास्ते खोल रही हैं।
इस पहल के जरिए उद्योग विभाग ने उद्योग जगत को केवल कागजों पर उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी देने के बजाय औद्योगिक इकाइयों और पार्कों का प्रत्यक्ष अनुभव कराने की कोशिश की है।
इस औद्योगिक दौरे में उद्योग विभाग, BIADA और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। विभाग का मानना है कि इस तरह की पहल से ‘इन्वेस्ट इन बिहार’ अभियान को मजबूती, नए निवेश को आकर्षित करने और राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी।