पुलिस लाइन में फंदे से लटका मिला दरोगा का शव, 8 दिन पहले ASI से SI बने, कुछ महीने पहले हुई थी शादी
भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस लाइन में शनिवार सुबह एक दारोगा का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान योगेश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसडीपीओ समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
योगेश कुमार पिछले पांच साल से पुलिस लाइन में तैनात थे। उन्हें बीते 16 अक्टूबर 2026 को ही जमादार से दारोगा के पद पर प्रमोशन मिला था। वह मेस के पीछे बैरक में रहते थे।
सुबह करीब पांच बजे उनकी पत्नी ने फोन किया, 20 से 25 बार कॉल करने के बाद भी रिसीव नहीं होने पर पत्नी ने पर योगेश के सहकर्मियों को कॉल किया।
इसके बाद साथी पुलिस वाले कमरे में गए। पुलिसकर्मियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन न तो दरवाजा खुला, न कोई आवाज आई।
जब उन्होंने खिड़की से देखा तो योगेश का शव फंदे से लटका हुआ था। घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।