मानसून से पहले नालों की सफाई पूरी करने का निर्देश, सात प्रमुख सरोवरों के सौंदर्यीकरण कार्य को मिली रफ्तार
Gaya: गया नगर निगम सभागार में शनिवार को मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक का संचालन समिति सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने किया. बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण, राजस्व वृद्धि, विकास योजनाओं की प्रगति, पुस्तकालय निर्माण और सरोवरों के सौंदर्यीकरण सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कई प्रस्ताव पारित किए गए. इन प्रस्तावों को अंतिम स्वीकृति के लिए सोमवार को होने वाली नगर निगम बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा.
बैठक में डिप्टी मेयर चिंता देवी, नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया, समिति सदस्य मोहन श्रीवास्तव, मनोज कुमार, चुन्नु खान, सरिका कुमारी, उपेंद्र कुमार, विनोद कुमार यादव, तबस्सुम परवीन समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
मानसून से पहले नाला सफाई पूरी करने का निर्देश
बैठक में मानसून से पूर्व नालों और नालियों की सफाई को लेकर गंभीर चर्चा हुई. मेयर वीरेंद्र कुमार ने कहा कि जलजमाव की समस्या से बचने के लिए सभी बड़े और छोटे नालों की सफाई समय पर पूरी करना प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने स्वच्छता पदाधिकारी शुभम कुमार और विद्युत पदाधिकारी गौरव कुमार की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए इसे गंभीर लापरवाही बताया.
अधिकारियों ने जानकारी दी कि नगर निगम क्षेत्र के 320 नालों में से 178 की सफाई पूरी हो चुकी है. इस पर मेयर ने असंतोष जताते हुए शेष नालों की सफाई युद्धस्तर पर पूरी करने और प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया.
हर वार्ड में बनेगा आधुनिक पुस्तकालय
समिति सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम के सभी वार्डों में आधुनिक पुस्तकालय स्थापित करने का प्रस्ताव रखा. उन्होंने बताया कि इन पुस्तकालयों में कक्षा छह से लेकर स्नातकोत्तर और पीएचडी स्तर तक के विद्यार्थियों के लिए पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी.
योजना के तहत 20 वार्डों में विद्यालय परिसरों में तथा 20 वार्डों में सामुदायिक भवनों में पुस्तकालय खोले जाएंगे. शेष वार्डों में आधुनिक पुस्तकालय भवनों का निर्माण कराया जाएगा. पुस्तकालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
विकास योजनाओं की धीमी गति पर उठे सवाल
बैठक में मोहन श्रीवास्तव ने शहर में चल रही विकास योजनाओं की धीमी प्रगति का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, जलनिकासी और अन्य बुनियादी परियोजनाओं में देरी से आम जनता को परेशानी हो रही है और विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है. उन्होंने अधिकारियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने पर जोर दिया.
सात प्रमुख सरोवरों के सौंदर्यीकरण की पहल
बैठक में शहर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले सरोवरों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा हुई. नगर निगम द्वारा सिंगरा स्थान सरोवर, गदालोल, सरयू तालाब, सूर्यपोखर, खरखुरा-भलुआही सरोवर और लाल बाबा तालाब के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है.
समिति सदस्य सरिका कुमारी ने बिसार तालाब के सौंदर्यीकरण का मुद्दा उठाया. सदन ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए बिसार तालाब के लिए प्राक्कलन तैयार कराने का निर्णय लिया. अधिकारियों को सभी सरोवरों के विकास की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया.
प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगेंगे स्मोक टावर
शहर में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए गांधी मैदान के आसपास स्मोक टावर लगाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई. मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि स्मोक टावर स्थापित होने से वायु गुणवत्ता में सुधार होगा और लगभग एक हजार मीटर के दायरे में प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी.
सदस्यों ने कहा कि गया एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन नगरी है, इसलिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है.
जलापूर्ति व्यवस्था को मिलेगा और बल
बैठक में शहर के पहाड़ी और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को लेकर भी चर्चा हुई. समस्या के समाधान के लिए अतिरिक्त जलापूर्ति केंद्र स्थापित करने और नए पानी टैंकर खरीदने का निर्णय लिया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत पानी उपलब्ध कराया जा सके.
बोर्ड बैठक में लगेगी अंतिम मुहर
स्टैंडिंग कमेटी द्वारा पारित सभी प्रस्ताव सोमवार को होने वाली नगर निगम बोर्ड बैठक में रखे जाएंगे. स्वीकृति मिलने के बाद इन योजनाओं को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू होगी. नगर निगम को उम्मीद है कि नाला सफाई, पुस्तकालय निर्माण, जलापूर्ति सुधार, सरोवर सौंदर्यीकरण और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े फैसलों से शहरवासियों को सीधा लाभ मिलेगा और गया के विकास को नई गति मिलेगी.
बैठक के प्रमुख निर्णय
- मानसून से पहले सभी नालों की सफाई पूरी कराने का निर्देश.
- सभी वार्डों में आधुनिक पुस्तकालय स्थापित करने की योजना.
- विकास योजनाओं की प्रगति तेज करने पर जोर.
- सात प्रमुख सरोवरों के सौंदर्यीकरण को आगे बढ़ाने का निर्णय.
- गांधी मैदान क्षेत्र में स्मोक टावर लगाने पर चर्चा
- पहाड़ी वार्डों में अतिरिक्त जलापूर्ति केंद्र और पानी टैंकर उपलब्ध कराने का फैसला