RSS कार्यालय हमले की जांच तेज: दुबई कनेक्शन खंगाल रही ATS, आरोपी अमन अंसारी के पासपोर्ट रद्द कराने की तैयारी

 

 

 Ranchi, Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची स्थित आरएसएस कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। मामले की जांच कर रही एंटी टेररिस्ट स्क्वॉयड (ATS) ने अब आरोपी अमन अंसारी के विदेशी कनेक्शन की पड़ताल शुरू कर दी है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि क्या दुबई प्रवास के दौरान ही अमन कट्टरपंथी तत्वों और पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में आया था।

जांच में सामने आया है कि अमन अंसारी वर्किंग वीजा पर दुबई गया था। वर्क परमिट की अवधि समाप्त होने के बाद वह नवंबर 2025 में भारत लौट आया था। ATS अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि दुबई में रहने के दौरान उसकी मुलाकात किन लोगों से हुई और क्या उसी दौरान वह कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़ा।

सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियां पाकिस्तानी हैंडलर शाहबाज भट्टी से संभावित संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि दुबई में अमन ने किन-किन जगहों पर काम किया, उसके करीबी कौन थे और विदेश से लौटने के बाद उसकी गतिविधियां कैसी रहीं।

इस बीच ATS ने आरोपी के पासपोर्ट को रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू करने की तैयारी कर ली है। इसके लिए संबंधित विभागों से पत्राचार किए जाने की संभावना है। एजेंसी अमन की पूरी विदेश यात्रा का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।

सोमवार को ATS की टीम ने चुटिया थाना में दर्ज मामले को अपने हाथ में लेने के बाद रांची के निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच का नेतृत्व कर रहे डीएसपी संजय कुमार ने टीम के साथ घटनास्थल के CCTV फुटेज की दोबारा जांच की और कई अहम साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।

गौरतलब है कि 17 जून की रात रांची स्थित RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला किया गया था। इस मामले में अब तक अमन अंसारी, सैफ अंसारी और सायम सुजान को गिरफ्तार किया जा चुका है। ATS को उम्मीद है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस हमले से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।