क्या बिहारी होना अपराध है? पांडव हत्याकांड पर जन सुराज का बड़ा हमला, CM सम्राट से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

 
Bihar news: दिल्ली में हुए चर्चित पांडव कुमार हत्याकांड को लेकर बिहार की राजनीति में नया भूचाल आ गया है। मनोज भारती के नेतृत्व में प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने बिहार सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि अब तक पीड़ित परिवार को किसी भी प्रकार की सरकारी सहायता नहीं मिली है।

पटना स्थित जन सुराज प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात करेगा और पांडव कुमार हत्याकांड समेत कई जन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा।

“देशभर में बिहारियों के बीच गुस्सा”

मनोज भारती ने कहा कि दिल्ली में जिस तरह पांडव कुमार की हत्या हुई, उससे देश और विदेश में रह रहे बिहारवासियों के बीच गहरा आक्रोश है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या बिहारी होना अपराध है?”

उन्होंने आरोप लगाया कि इतने संवेदनशील मामले में अब तक बिहार सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को कोई ठोस सहायता नहीं दी गई है। जन सुराज ने मांग की कि सरकार बाहर रहकर काम करने वाले बिहार के लोगों और उनके परिवारों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए स्पष्ट नीति बनाए।

मुख्यमंत्री से मिलकर रखी जाएंगी 5 मांगें

पार्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री के सामने पांच प्रमुख मांगें रखी जाएंगी, जिनमें हत्याकांड की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं न्याय दिलाने की मांग शामिल है।

प्रेस वार्ता में मौजूद पूर्व विधायक किशोर कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सात सदस्यीय उच्चस्तरीय शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात कर त्वरित कार्रवाई की मांग करेगा।

जन सुराज ने बढ़ाया राजनीतिक दबाव

इस मुद्दे को लेकर जन सुराज अब सरकार पर लगातार दबाव बनाने की रणनीति में जुट गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी इस मामले को बिहारियों की अस्मिता और सुरक्षा से जोड़कर बड़ा जन मुद्दा बनाने की तैयारी में है।