जहानाबाद: अंचल अधिकारी नुजहत निलंबित, अवैध जमाबंदी और दाखिल-खारिज में गड़बड़ी के गंभीर आरोप

बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जहानाबाद जिले के रतनी फरीदपुर की अंचल अधिकारी (CO) नुजहत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
 

जहानाबाद: बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जहानाबाद जिले के रतनी फरीदपुर की अंचल अधिकारी (CO) नुजहत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ अवैध रूप से जमाबंदी सृजित करने, दाखिल-खारिज के मामलों में अनियमितता और डिमांड पंजी में अवैध तरीके से संशोधन करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से 24 नवंबर 2026 को जारी संकल्प के अनुसार, जिलाधिकारी-सह-समाहर्ता, जहानाबाद की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि पूर्व से जमाबंदी कायम नहीं रहने के बावजूद अवैध रूप से नई जमाबंदी खोली गई। इसके अलावा दाखिल-खारिज के आवेदन संख्या 399/2025-26 को एक बार अस्वीकृत करने के बाद उसी दस्तावेज के आधार पर दोबारा स्वीकृत करने और डिमांड पंजी में रकबा का अवैध संशोधन करने के मामले भी सामने आए हैं।

विभाग ने इन आरोपों को गंभीर मानते हुए उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने का निर्णय लिया है। बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम-9 (1) के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय आयुक्त कार्यालय, मगध प्रमंडल, गया निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई के लिए अलग से संकल्प जारी किया जाएगा।