जहानाबाद में जमा खान का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- अल्पसंख्यकों के विकास के लिए NDA ने किया ऐतिहासिक काम

 
Jahanabad News: बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री मोहम्मद जमा खान ने जहानाबाद दौरे के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद विपक्ष अल्पसंख्यक समुदाय के विकास के लिए कोई ठोस काम नहीं कर सका, जबकि एनडीए सरकार ने शिक्षा, रोजगार और कल्याण से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया है।

मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री जमा खान ने कहा कि विपक्ष ने सिर्फ वादे किए, लेकिन अल्पसंख्यकों के हित में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार ने मदरसों के विकास, हर जिले में आवासीय विद्यालयों की स्थापना और अल्पसंख्यक समुदाय को 5 से 10 लाख रुपये तक ऋण उपलब्ध कराने जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं।

मंत्री ने मदरसों की जांच को लेकर भाजपा और जदयू के बीच मतभेद की खबरों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि जांच की प्रक्रिया पूरी तरह संवैधानिक और कानूनी तरीके से चल रही है तथा सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए जमा खान ने कहा कि विधानसभा में बिहार के विकास और जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय विपक्ष केवल हंगामा करता है और सदन से बाहर निकल जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष विकास की राजनीति करने में पूरी तरह विफल रहा है।

दरअसल, मंत्री मोहम्मद जमा खान जहानाबाद में आयोजित सहयोग शिविरों का जायजा लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।