जनसुराज का सत्ताधारी दल पर तीखा वार, नेताओं का पुतला दहन कर जताया आक्रोश

 

Jahanabad: राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है। जनसुराज पार्टी ने शुक्रवार को कारगिल चौक के पास सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। समर्थकों ने सम्राट चौधरी, अशोक चौधरी, जीवेश मिश्रा, दिलीप जायसवाल, संजय जायसवाल और मंगल पांडे सहित कई नेताओं का पुतला दहन कर सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पुख्ता सबूतों के साथ कई मंत्रियों और नेताओं पर भ्रष्टाचार और आपराधिक वारदातों में संलिप्तता का खुलासा किया है। इसके बावजूद आरोपितों की तरफ से कोई स्पष्टीकरण नहीं आया और न ही सरकार ने अब तक कोई कदम उठाया।

आक्रोशित जनसुराज समर्थकों का कहना है कि नीतीश सरकार की यह खामोशी भ्रष्टाचार को शह देने और आरोपियों को बचाने का संकेत है। प्रदर्शन के दौरान सरकार विरोधी नारेबाजी गूंजती रही।

प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि दोषी नेताओं को पद से बर्खास्त कर उन पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और व्यापक होगा। समर्थकों ने कहा कि जनता अब सत्ता के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।

रिपोर्टर: पवन कुमार, जहानाबाद