जहानाबाद पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’ हिट: 103 मोबाइल बरामद, लोगों के चेहरों पर लौटी खुशी

 

Bihar News: जहानाबाद पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता से लोगों का भरोसा जीतते हुए ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। इस अभियान में गुम या चोरी हुए कुल 103 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपे गए, जिससे कई परिवारों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई।

खास बात यह रही कि जिन लोगों ने अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी, उनके लिए यह किसी चमत्कार से कम नहीं रहा। मोबाइल मिलते ही मजदूरों, किसानों और मध्यम वर्गीय परिवारों के लोगों की खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने पहली बार अपनी मेहनत की कमाई से स्मार्टफोन खरीदा था, जो खो जाने के बाद चिंता का कारण बन गया था।

पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने बताया कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ का यह तीसरा चरण है। इससे पहले 1 मार्च को 59 और 31 मार्च को 48 मोबाइल फोन बरामद कर लौटाए जा चुके हैं। वहीं 1 मई को 103 मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे गए, जिनकी कुल कीमत करीब 18 लाख रुपये आंकी गई है।

एसपी ने इस सफलता का श्रेय डीआईओ टीम और CEIR Portal को दिया। उन्होंने बताया कि तकनीकी सहायता के जरिए मोबाइल ट्रैक कर उन्हें बरामद किया गया।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत संबंधित थाने में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर डिटेल दर्ज करें, ताकि फोन को ब्लॉक कर उसकी बरामदगी की प्रक्रिया तेज और आसान हो सके।

जहानाबाद पुलिस की इस पहल ने न सिर्फ लोगों का खोया सामान लौटाया, बल्कि पुलिस के प्रति भरोसे को भी और मजबूत किया है।