जहानाबाद: राजद सांसद सुरेंद्र यादव का एनडीए पर हमला, मोदी-नीतीश को घेरा, मीडिया को भी खरी-खोटी

 

Jahanabad: राजद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने एनडीए सरकार पर तीखा वार किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सबसे अधिक महिलाओं का “चीरहरण” इन्हीं दोनों नेताओं के शासनकाल में हुआ है।

प्रशांत किशोर की तारीफ, नीतीश पर सवाल

सांसद यादव ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की सराहना करते हुए कहा कि वे पढ़े-लिखे और जानकार नेता हैं, जो सत्ता पक्ष को खुली चुनौती दे रहे हैं। लेकिन नीतीश कुमार और अमित शाह उनकी चुनौती से बच रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब एनडीए सरकार के पास जवाब नहीं होता, तो वह ईडी और सीबीआई का सहारा लेकर विपक्ष को डराने का काम करती है।

यादव ने मंत्री अशोक चौधरी पर बिना नाम लिए कटाक्ष किया और पूछा कि उन पर कार्रवाई क्यों नहीं की जाती।

मीडिया पर साधा निशाना

भाषण के दौरान सांसद ने मीडिया को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट, दोनों तरह की मीडिया “बिकी हुई” है। अगर मीडिया प्रशांत किशोर की बातों को सही मायने में दिखा दे, तो न तो एनडीए दिल्ली की सत्ता में टिकेगा और न ही बिहार में।

संपत्ति जांच की मांग और नीतीश पर व्यंग्य

सांसद ने नेताओं की संपत्ति की जांच की मांग उठाते हुए कहा कि उनकी दौलत का हिसाब राजनीति की शुरुआत से लगाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा सवाल दागते हुए यादव ने कहा, “जब प्रशांत किशोर खुली चुनौती दे रहे हैं तो नीतीश चुप क्यों हैं?”

कथित नैतिकता पर तंज कसते हुए उन्होंने व्यंग्य किया-“ये लोग कभी ईमानदार का चोला पहनते हैं, कभी गंगाजल स्नान कर पवित्र बनने का दिखावा करते हैं। जबकि सच्चाई यह है कि चोर की तीन निशानी होती है-चंदन, टीका और मधुर वाणी।”

पुण्यतिथि कार्यक्रम में दिए तीखे बयान

राजद सांसद सुरेंद्र यादव बैरागी बाग स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज में आयोजित राजद नेता स्वर्गीय छत्रधारी यादव और उनके पिता की पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उन्होंने बड़ी संख्या में जुटी जनता को संबोधित किया और इसी दौरान एनडीए तथा मीडिया पर जमकर हमला बोला।

रिपोर्टर : पवन कुमार /जहानाबाद