‘नीतीश जी के जाने से बिहार ग़मज़दा’- इस्तीफे की अटकलों के बीच भावुक हुए जीतनराम मांझी

 
Bihar news: बिहार की सियासत में जारी हलचल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे की खबरों ने नया मोड़ ले लिया है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भावुक नजर आए और उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

मांझी ने कहा कि अगले 24 घंटे में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं। उन्होंने लिखा कि चारों सदनों के सदस्य बनने का उनका सपना भले पूरा हुआ हो, लेकिन इस फैसले ने करोड़ों बिहारियों के दिलों को भावुक कर दिया है।

बिहार आपको मिस करेगा

मांझी ने अपने संदेश में कहा कि बिहार ने कई मुख्यमंत्रियों को आते-जाते देखा है, लेकिन यह पहला मौका है जब किसी नेता के पद छोड़ने की खबर भर से लोगों की आंखें नम हो गई हैं। उन्होंने लिखा— “वी विल मिस यू नीतीश जी… आप महामानव हैं, बिहार आपके बिना अधूरा है।”

पुरानी यादें भी हुईं ताजा

उन्होंने 2014 का जिक्र करते हुए बताया कि Nitish Kumar ने लोकसभा चुनाव में हार के बाद नैतिक आधार पर इस्तीफा दे दिया था और उनकी जगह जीतन राम मांझी को 20 मई 2014 को मुख्यमंत्री बनाया गया था। मांझी फरवरी 2015 तक बिहार के 23वें मुख्यमंत्री रहे।

सियासी माहौल गर्म

नीतीश कुमार के इस्तीफे को लेकर लगातार अटकलें तेज हैं और माना जा रहा है कि अगले 24 घंटे बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम साबित हो सकते हैं। ऐसे में मांझी का यह भावुक बयान सियासी माहौल को और भी गर्म कर गया है।

अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या सच में नीतीश कुमार इस्तीफा देंगे और बिहार की सियासत किस नए मोड़ पर पहुंचेगी।