गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव राजीव कुमार पटना में गृह विभाग के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर कई मसलों पर निर्देश दिए
Patna: बीते 13 जुलाई, सोमवार को बिहार के गृह सचिव कुंदन कुमार के द्वारा भारत सरकार के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव (एलडब्ल्यूई) राजीव कुमार की उपस्थिति में गृह विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में राज्य में साइबर अपराध नियंत्रण, नारकोटिक्स उन्मूलन, आपदा प्रबंधन, भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (तीन नए आपराधिक कानूनों) के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई.
बैठक के दौरान गृह सचिव कुंदन कुमार के द्वारा पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से उपर्युक्त विषयों के अंतर्गत राज्य में किए गए कार्यों, प्रगति, उपलब्धियों एवं अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई. साथ ही उन्होंने भारत सरकार, गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव राजीव कुमार को विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन की वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया गया.
समीक्षा के उपरांत संयुक्त सचिव (एलडब्ल्यूई) राजीव कुमार ने राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं प्राप्त उपलब्धियों की सराहना की. उनके द्वारा तीनों नए आपराधिक कानूनों को चरणबद्ध तरीके से निश्चित समय-सीमा के अन्दर लागू करने, CCTNS के प्रभावी क्रियान्वयन, शतप्रतिशत ई-साक्ष्य का संबंधित एफआईआर के साथ लिंकेज, फॉरेंसिक से संबंधित मामलों का तीन नए आपराधिक कानूनों के अनुरूप प्रभावी अनुपालन, सात वर्ष या सात वर्ष से अधिक वर्षों की सजा वाले अपराधों के मामले में फोरेंसिक से संबंधित जांच का शतप्रतिशत क्रियान्वयन, 60/90 दिनों के अंदर चार्जशीट दाखिल करने तथा साइबर सुरक्षा संबंधी कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक दिशानिर्देश भी प्रदान किया गया तथा समन्वित प्रयासों के साथ निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति निश्चित समयसीमा के भीतर प्राप्त करने का निदेश पुलिस विभाग के संबंधित प्रभागों के वरीय पदाधिकारियों को दिया गया.
बैठक में गृह विभाग के विशेष सचिव क्षत्रनील सिंह, निदेशक अभियोजन सुधांशु कुमार चौबे, संयुक्त सचिव कमल नयन, संयुक्त सचिव अमलेंदु कुमार सहित गृह विभाग एवं पुलिस विभाग के संबंधित प्रभागों के अन्य वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे.