पत्रकारों पर हमले के विरोध में सड़क पर उतरे पत्रकार, दोषियों पर कार्रवाई की मांग; डाकबंगला चौराहे पर प्रदर्शन
Patna: पटना में बुधवार को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों और कैमरापर्सनों के साथ कथित मारपीट के विरोध में बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में पत्रकार डाकबंगला चौराहे पर जुटे और घटना के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। पत्रकारों ने हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
यूनियन ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों और मीडिया कर्मियों पर किसी भी तरह का हमला स्वीकार्य नहीं है। पत्रकारों का कहना था कि लोकतंत्र में मीडिया को स्वतंत्र और सुरक्षित माहौल मिलना जरूरी है, इसलिए ऐसे मामलों में प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
राजनीतिक दलों से पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील
प्रदर्शन के दौरान बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के सचिव मुकुंद कुमार सिंह ने कहा कि हाल के दिनों में मीडिया कर्मियों के साथ होने वाली घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों और नेताओं की ओर से मीडिया के प्रति की जाने वाली अमर्यादित टिप्पणियां समाज में पत्रकारों के प्रति गलत धारणा पैदा करती हैं, जिसका असर कई बार मौके पर रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकारों और कैमरापर्सनों पर देखने को मिलता है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार कठिन परिस्थितियों में भी राजनीतिक दलों, संगठनों और आंदोलनों की खबरें जनता तक पहुंचाने का काम करते हैं। ऐसे में समाचार संकलन के दौरान उन्हें निशाना बनाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्र पत्रकारिता की रक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
दोषियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई की मांग
बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने प्रशासन से मांग की कि बुधवार की घटना में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। यूनियन ने सभी राजनीतिक दलों और उनके नेताओं से भी अपील की कि वे अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मीडिया कर्मियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने का संदेश दें।
यूनियन की ओर से कहा गया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए पत्रकारों को स्वतंत्र, निर्भीक और सुरक्षित माहौल मिलना जरूरी है। पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन के साथ-साथ राजनीतिक दलों और समाज की भी है।
प्रदर्शन में मुकुंद कुमार सिंह के अलावा अनूप नारायण, आकाश कुमार, परमानंद कुमार, कुंदन कुमार, पंकज कुमार, धर्मेंद्र कुमार, दीपक कुमार, चंद्रमोहन पांडे, सुरजीत कुमार, सच्चिदानंद, राकेश दुबे, प्रत्युष राय, सचिन तिवारी समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।