कन्हैया कुमार का सियासी वार- ‘20 साल, 20 सवाल’ अभियान से डबल इंजन सरकार पर कांग्रेस का हमला

 

Bihar political news: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले कांग्रेस ने सियासी मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने ‘20 साल, 20 सवाल’ अभियान की शुरुआत की और सीधे तौर पर राज्य की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधा।

कन्हैया कुमार ने कहा कि इस अभियान के तहत कांग्रेस नेता हर दिन जनता के मुद्दों पर सवाल उठाएंगे—चाहे वो बेरोजगारी हो, महंगाई, शिक्षा या किसानों की परेशानी। उन्होंने कहा, “जो सरकार वोट चोरी से बनती है, वो जमीन चोर और मुनाफाखोर बन जाती है।”

कन्हैया ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर बिहार की जमीनें औने-पौने दाम पर उद्योगपतियों को सौंप दीं। उन्होंने दावा किया कि “अडानी को बिहार में एक रुपए प्रति वर्गफुट की दर से जमीन दी गई, जबकि इसी प्रोजेक्ट का फायदा जनता को मिलना चाहिए था।”

उन्होंने यह भी कहा कि यूपीए सरकार के दौरान शुरू हुई परियोजना को अब प्रधानमंत्री के “मित्र” के हवाले कर दिया गया है। कन्हैया के मुताबिक, “दूसरे राज्यों में अडानी को 3 रुपए प्रति यूनिट दर पर ठेका दिया गया, लेकिन बिहार में यह 6 रुपए प्रति यूनिट तय किया गया। इससे राज्य को 56,000 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।”

प्रधानमंत्री मोदी के हालिया युवा संवाद कार्यक्रम पर टिप्पणी करते हुए कन्हैया बोले, “प्रधानमंत्री युवाओं से संवाद कर रहे हैं, यह अच्छी बात है, लेकिन उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि वे देश के प्रधानमंत्री हैं, विपक्ष के नेता नहीं।”

कन्हैया के इस तीखे हमले से कांग्रेस ने साफ संकेत दे दिया है कि आगामी चुनाव में वह विकास, भ्रष्टाचार और युवाओं की समस्याओं को लेकर बीजेपी-जेडीयू गठबंधन को घेरने की पूरी तैयारी में है।