कायस्थ प्रतिनिधित्व को लेकर भाजपा पर बरसी कायस्थ चित्रगुप्त सेना, मंत्रिमंडल में भागीदारी की मांग

 
Bihar News: कायस्थ चित्रगुप्त सेना, बिहार प्रदेश की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को पटना के कदमकुआं स्थित वंशी कुंज परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के सेनाध्यक्ष पाण्डेय अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कायस्थ समाज को संगठित करने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए सेनाध्यक्ष पाण्डेय अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने भाजपा पर कायस्थ समाज की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनसंघ और भाजपा की स्थापना से लेकर अब तक कायस्थ समाज ने पार्टी को भरपूर समर्थन दिया है, लेकिन इसके बावजूद समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सम्मान के अनुरूप भागीदारी नहीं मिली।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में भी कायस्थ समाज को प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया, जबकि समाज लगातार भाजपा का समर्थन करता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने कायस्थ समाज के वोट तो लिए, लेकिन उसे उचित राजनीतिक भागीदारी नहीं दी।

श्रीवास्तव ने कहा कि कभी बिहार विधानसभा में कायस्थ समाज के 87 विधायक हुआ करते थे, लेकिन समय के साथ उनकी संख्या लगातार घटती गई। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने दो मौजूदा कायस्थ विधायकों का टिकट काट दिया, जिसके कारण वर्तमान में भाजपा के पास विधानसभा में कोई कायस्थ विधायक नहीं है।

उन्होंने बिहार की सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल में भी कायस्थ समाज को प्रतिनिधित्व नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताते हुए मांग की कि सरकार जल्द से जल्द किसी योग्य कायस्थ प्रतिनिधि को मंत्रिमंडल में शामिल करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समाज की उपेक्षा जारी रही तो इसका असर आगामी उपचुनावों और अन्य चुनावों में देखने को मिल सकता है।

बैठक में यह भी कहा गया कि कायस्थ समाज किसी भी राजनीतिक दल का “बंधुआ मतदाता” नहीं है और जो दल समाज को सम्मान एवं राजनीतिक भागीदारी देगा, समाज उसका समर्थन करेगा।

कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा द्वारा वहां कायस्थ विधायक का टिकट काटे जाने से समाज में नाराजगी बनी हुई है। उन्होंने दावा किया कि शहरी क्षेत्रों में कायस्थ मतदाता चुनावी परिणामों को प्रभावित करने की स्थिति में हैं।

बैठक में अधिवक्ता अमिताभ ऋतुराज, सुधांशु भूषण, प्रमिला वर्मा, नवल किशोर, संजीव कर्ण, रौशन प्रियदर्शी सहित बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग उपस्थित रहे।