जहानाबाद की खुशबू बनीं इंटर की स्टार टॉपर, अब UPSC का सपना लेकर बढ़ेंगी आगे

 
Jahanabad News: बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा के नतीजे आते ही जहानाबाद जिले में जश्न का माहौल है। घोसी प्रखंड के गोपालगंज बाजार की रहने वाली खुशबू कुमारी ने आर्ट्स संकाय में 465 अंक हासिल कर जिला टॉप किया और अपने परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके का नाम रोशन कर दिया।

जैसे ही रिजल्ट की खबर घर पहुंची, खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। परिवार के लोग गर्व से झूम उठे और बधाई देने वालों का तांता लग गया। साधारण परिवार से आने वाली खुशबू ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है।

खुशबू ने बताया कि उन्होंने घर पर रहकर नियमित और अनुशासित तरीके से पढ़ाई की। उन्हें उम्मीद थी कि वे राज्य स्तर पर भी टॉप करेंगी, लेकिन कुछ अंकों से चूक गईं। फिर भी उनकी इस सफलता ने उन्हें नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ने का हौसला दिया है।

अपनी कामयाबी का श्रेय खुशबू ने अपने माता-पिता को दिया। उनके पिता ओमकार कुमार, जो कपड़ा व्यवसायी हैं, ने बताया कि बेटी शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही है। वहीं मां सरिता देवी ने कहा कि खुशबू घंटों अकेले बैठकर पढ़ाई करती थी और उसी मेहनत का यह नतीजा है।

आगे की योजना के बारे में खुशबू का लक्ष्य साफ है—पहले अच्छे कॉलेज में दाखिला और फिर सिविल सेवा की तैयारी। उनका सपना है कि वे UPSC परीक्षा पास कर देश की सेवा करें।

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भी खुशबू की इस उपलब्धि पर गर्व जताया। पूर्व जिला पार्षद निराला कुमार ने मिठाई खिलाकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खुशबू की यह सफलता न सिर्फ एक परिवार की खुशी है, बल्कि यह पूरे जहानाबाद के लिए प्रेरणा बन गई है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन से हर सपना पूरा किया जा सकता है।