बिहार गृह विभाग को मिला नया नेतृत्व, कुंदन कुमार ने संभाली कमान
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान गृह विभाग के विशेष सचिव अनिल कुमार चौधरी एवं क्षत्रनील कुमार ने उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पदभार संभालने के बाद आयोजित परिचयात्मक बैठक में गृह विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों और विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। संयुक्त सचिव कमल नयन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभाग की वर्तमान गतिविधियों, उपलब्धियों और प्राथमिकताओं से नए गृह सचिव को अवगत कराया।
बैठक के दौरान गृह सचिव कुंदन कुमार ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सभी योजनाओं और कार्यों का क्रियान्वयन प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों से समन्वय, जवाबदेही और प्रतिबद्धता के साथ काम करने की अपेक्षा जताई।
उन्होंने कहा कि गृह विभाग राज्य की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और दक्षता के साथ करना होगा।
इस अवसर पर विशेष सचिव अनिल कुमार चौधरी, क्षत्रनील कुमार, विशेष सचिव सह प्रभारी निदेशक (अभियोजन) सुधांशु कुमार चौबे, संयुक्त सचिव कमल नयन, अमलेन्दु कुमार समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
गृह विभाग में नए सचिव की नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में अब विभागीय कार्यों में और अधिक गति तथा बेहतर समन्वय देखने की उम्मीद जताई जा रही है।