सिंगापुर रवाना हुए लालू यादव, हेल्थ चेकअप को लेकर बढ़ी समर्थकों की चिंता
जानकारी के मुताबिक किडनी ट्रांसप्लांट के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हर तीन महीने पर नियमित जांच कराने की सलाह दी थी, लेकिन पिछले करीब एक साल से उनका रूटीन मेडिकल चेकअप नहीं हो पाया था। अब विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में सिंगापुर में उनका विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बताया कि पिता की सेहत को देखते हुए डॉक्टरों ने दोबारा जांच कराने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किडनी ट्रांसप्लांट के बाद समय-समय पर मेडिकल जांच जरूरी थी, लेकिन व्यस्तताओं के कारण यह संभव नहीं हो सका।
तेजस्वी यादव ने यह भी जानकारी दी कि लालू यादव की आंख का ऑपरेशन भी हो चुका है, बावजूद इसके उन्हें अब भी आंखों से जुड़ी परेशानियां बनी हुई हैं। ऐसे में इस बार सिंगापुर दौरे के दौरान उनकी पूरी बॉडी चेकअप और विशेषज्ञों से सलाह ली जाएगी।
लालू यादव के सिंगापुर रवाना होने की खबर के बाद आरजेडी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल है। बिहार की राजनीति में आज भी उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है और उनकी सेहत से जुड़ी हर खबर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन जाती है। अब सभी की नजर उनके स्वास्थ्य अपडेट और मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हुई है।