बिहार के भोजपुर में बड़े पैमाने पर पुलिस अधिकारियों का तबादला, देखें लिस्ट
Bihar news: बिहार के भोजपुर जिले के नए पुलिस कप्तान अवधेश दीक्षित ने पदभार संभालने के बाद पहली बार थानाध्यक्ष स्तर पर बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है. एसपी के आदेश से जिले के 11 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण और नई जगह पदस्थापन किया गया है.
तबादले के बाद अब जिले के कई महत्वपूर्ण थानों में नए थानाध्यक्ष अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे. पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 6 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार कोईलवर, जगदीशपुर, नवादा, बिहिया, पीरो, ईमादपुर, चांदी, गजराजगंज और चौऱी थाना समेत अन्य स्थानों पर अधिकारियों की नई तैनाती की गई है.
कोईलवर के पर्यवेक्षी पदाधिकारी पुलिस अवर निरीक्षक आशीष कुमार साह को जगदीशपुर का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. भोजपुर डीआईयू के प्रभारी पुअनि कुमार रजनीकांत को नवादा थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. नवादा थाना के थानाध्यक्ष पुअनि विपिन बिहारी को बिहिया थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है.
कोईलवर थाना के थानाध्यक्ष पुअनि नरोत्तम चन्द्र को पीरो थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. ईमादपुर थाना के थानाध्यक्ष पुअनि सुनीत कुमार सिंह को चांदी थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. पुलिस केंद्र, भोजपुर, आरा में पदस्थापित पुअनि सुशांत कुमार मंडल को कोईलवर थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है.
चांदी थाना के थानाध्यक्ष पुअनि राकेश कुमार रोशन को भोजपुर डीआईयू का नया प्रभारी बनाया गया है. चौरी थाना के थानाध्यक्ष पुअनि राकेश कुमार सिंह को ईमादपुर थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. पीरो थाना के थानाध्यक्ष पुअनि दीपक कुमार साह को कोईलवर का नया पर्यवेक्षी पदाधिकारी बनाया गया है.
बिहिया थाना के थानाध्यक्ष पुअनि सुधेश्वर कुमार दास को गजराजगंज थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. गजराजगंज थाना के अपर थानाध्यक्ष पुअनि धनंजय कुमार सिंह को चौरी थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है.
एसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को अपने नव पदस्थापन स्थल पर तत्काल योगदान देकर अनुपालन प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है. पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.